ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से अभियान के लिए तैयार कार्ययोजना, नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, विभागीय जिम्मेदारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसमें आम लोगों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठन, शैक्षणिक संस्थान, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा सिर्फ राजनीतिक नेतृत्व की अवधि नहीं, बल्कि जनसेवा और देश के विकास के प्रति निरंतर समर्पण की यात्रा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए इस यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को जनभागीदारी का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। अभियान में जलाए जाने वाले दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। मैदानी अमले के जरिए लोगों को इस पहल में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

स्कूली बच्चों को भी अभियान से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल आयोजित होगी। सरकारी और निजी स्कूलों में विकसित भारत और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और पिछले वर्षों में हुए बदलावों की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। इसके जरिए योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रमों के दौरान पोषण, टीकाकरण, मातृ सहायता और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

अभियान में ‘कहानी बदलाव की’ के जरिए सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। इन कहानियों में हितग्राही का नाम, स्थान, संबंधित योजना और उसके जीवन में आए बदलाव को दर्ज किया जाएगा। इनका डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा, ताकि योजनाओं के असर की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ के जरिए गांव से लेकर जिला और राज्य स्तर तक लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने की तैयारी है। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और संस्थाओं को अलग-अलग सेवा गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता समेत विभिन्न सेवा कार्यों को अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी इन कार्यक्रमों में भागीदारी रहेगी।

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में विभिन्न परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित किया गया है।

बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *