ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : छत्तीसगढ़ में अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रेत और मिट्टी के अवैध परिवहन में लगे 4 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार जांच और निगरानी कर रही है। इसी दौरान टीम ने सिलपहरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते 3 ट्रैक्टर पकड़े। वहीं ज्योतिपुर तिराहा में ईंट निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त किया गया।

अमरपुर थाना और नगर सैनिक परिसर में रखे गए वाहन

कार्रवाई के बाद चारों जब्त वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। इनमें 3 ट्रैक्टर अमरपुर थाना परिसर और एक ट्रैक्टर नगर सैनिक परिसर में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) एवं 23(क) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनन पर प्रशासन की नजर

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल वाहनों को जब्त करना नहीं, बल्कि अवैध खनन पर रोक लगाना, सरकारी राजस्व की सुरक्षा करना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी है। साथ ही वैध खनन और परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

खनिज विभाग के मुताबिक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, खनिज परिवहन और खनिजों के अनधिकृत उपयोग पर नियमित नजर रखी जा रही है। विभागीय टीमें लगातार जांच कर रही हैं और आने वाले दिनों में भी अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू और सैनिक साहिब गनी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *