ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को पढ़ाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में छत्तीसगढ़ की World Audio Book Team लगातार काम कर रही है। टीम के इसी प्रयास को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। टीम का नाम Golden Book of World Records में दर्ज किया गया है।

इस उपलब्धि पर राज्यपाल रमेन डेका ने टीम के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और उनके प्रयासों की सराहना की। लोक भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। तकनीक के माध्यम से शिक्षा को उन तक पहुंचाने का World Audio Book Team Chhattisgarh का प्रयास सराहनीय है।

11 हजार से ज्यादा ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में काम

World Audio Book Team द्वारा दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी।

शारदा खुद अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके साथ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक कार्यों के साथ इस अभियान में योगदान दे रहे हैं।

ऑडियो के जरिए पढ़ाई, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए बड़ा सहारा

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई की सामग्री को ऑडियो फॉर्मेट में उपलब्ध कराने से उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक सुविधाजनक माध्यम मिल रहा है। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को समान अवसर देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने ऐसे प्रयासों को और व्यापक स्तर पर ले जाने की जरूरत बताई, ताकि ज्यादा से ज्यादा दृष्टिबाधित विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।

World Audio Book Channel को 8 लाख से ज्यादा व्यूज

टीम के World Audio Book Channel पर अब तक 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं। चैनल को अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम की ओर से विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी अध्ययन सामग्री तैयार की जा रही है।

राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को दी बधाई

लोक भवन में हुई मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने Golden Book of World Records में टीम का नाम दर्ज होने पर सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के ऐसे प्रयोगों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर Golden Book of World Records की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित World Audio Book Team Chhattisgarh के सभी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *