रायपुर : रक्षाबंधन के मौके पर केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों को राखी बांधने के लिए विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। 28 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बहनों को जेल में प्रवेश देकर बंदियों से मुलाकात और राखी बांधने की अनुमति होगी।

जेल प्रशासन के मुताबिक इस दिन केवल बहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मुलाकात के लिए आने वाली बहनों के पास वैध पहचान-पत्र होना जरूरी होगा। जेल में प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच की जाएगी और जांच के बाद ही मुलाकात की अनुमति मिलेगी।

एक बंदी से मिल सकेंगी अधिकतम 3 बहनें

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एक बंदी से मुलाकात और राखी बांधने के लिए अधिकतम 3 बहनों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं प्रत्येक बंदी के लिए बहनें अधिकतम 100 ग्राम मिठाई साथ ले जा सकेंगी। जेल परिसर में ले जाने से पहले मिठाई की जांच की जाएगी।

मिठाई के अलावा किसी भी अन्य खाद्य सामग्री को जेल के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

मोबाइल और पर्स ले जाना प्रतिबंधित

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और अन्य कीमती सामान जेल परिसर के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन सामानों को जमा करने की व्यवस्था भी जेल में नहीं होगी। ऐसे में परिजनों से इन्हें साथ नहीं लाने की अपील की गई है।

तीन स्तरों पर हो सकती है सुरक्षा जांच

जेल में प्रवेश से पहले सुरक्षा कारणों से महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तरों पर तलाशी ली जा सकती है। जेल प्रशासन ने बहनों और परिजनों से अपील की है कि वे तलाशी प्रक्रिया में सहयोग करें और जेल परिसर में व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *