भिलाई के जयंती स्टेडियम के समीप चल रही सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पत्नी कौशल्या देवी साय के साथ कथा सुनने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भगवान शिव की आराधना और शक्ति उपासना की प्राचीन परंपरा से जुड़ी रही है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित प्राचीन शिवधाम इसकी आध्यात्मिक विरासत की पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि रायपुर के हटकेश्वर महादेव, कबीरधाम के भोरमदेव, राजिम के कुलेश्वर महादेव, चम्पारण के चम्पेश्वर महादेव, गरियाबंद के भूतेश्वर महादेव, सिरपुर के गंधेश्वर महादेव और जशपुर के मधेश्वर महादेव जैसे कई धार्मिक स्थल प्रदेश की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कण-कण में देवाधिदेव महादेव की कृपा है।
पांच शक्तिपीठों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने पर काम कर रही है। सूरजपुर की कुदरगढ़ी माता, चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी, रतनपुर की मां महामाया, डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी और दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी के शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।
सरकार का मानना है कि इससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ छत्तीसगढ़ में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पात्र श्रद्धालुओं को प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है।
वहीं, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के जरिए अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा का किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री ने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण कथा के जरिए भगवान शिव की महिमा और सनातन संस्कृति का संदेश लोगों तक पहुंच रहा है। भिलाई में लगातार तीसरी बार शिव महापुराण कथा का आयोजन होना यहां के लोगों की धार्मिक आस्था को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति और श्रद्धालुओं को सात दिवसीय कथा के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल, आयोजन समिति के दया सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।