रायपुर : महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मैदानी क्षेत्रों में जाकर योजनाओं की निगरानी करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मंत्री ने किसानों के एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण स्तर में सुधार के लिए ‘हर घर मुनगा’ अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा आंगनबाड़ियों और घरों में मुनगा के पौधे लगाने पर जोर दिया। महिला स्व-सहायता समूहों को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में ई-केवाईसी की प्रक्रिया समय पर पूरी कराने को कहा। उन्होंने खाद-बीज के भंडारण और वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए समय पर मुनादी और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन स्कूल एवं छात्रावास भवनों की गुणवत्ता जांचने, जर्जर भवनों की मरम्मत तथा बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए ‘न्योता भोज’ को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने और बंद हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया। जिला अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वर्षा, बोवाई, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ की प्रगति की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हेलमेट जागरूकता और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जानकारी दी। वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी ने हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों से अवगत कराया। बैठक में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।