ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता के बाद बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार, रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने यह बात मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पत्र सूचना कार्यालय चेन्नई के निदेशक पी. अरुण कुमार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आए पत्रकारों के दल से चर्चा के दौरान कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग चार दशकों तक नक्सलवाद के कारण बस्तर के विकास में बाधा रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। अब जिन क्षेत्रों में शासन की पहुंच मुश्किल थी, वहां विकास योजनाएं तेजी से पहुंच रही हैं। ‘नियद नेल्लानार’ योजना के माध्यम से सुरक्षा कैंपों के आसपास के गांवों में सड़क, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, राशन, बैंकिंग और आजीविका जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

साय ने कहा कि शांति स्थापित होने के बाद बस्तर में पर्यटन और स्थानीय उद्यमिता के नए अवसर भी बढ़ रहे हैं। प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपात, वन संपदा, जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य बस्तर की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने के लिए उद्योग अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, फार्मास्युटिकल, टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य की पर्याप्त विद्युत उपलब्धता, मजबूत अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और देश के मध्य में स्थिति इसे निवेश के लिए अनुकूल बनाती है।

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर तेजी से शिक्षा और नई तकनीक के केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के संस्थानों के विस्तार से प्रदेश के विद्यार्थियों को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। साथ ही दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक चिकित्सा अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। इस अवसर पर उन्होंने चेन्नई से आए पत्रकारों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कोसा फैब के शॉल भेंट कर सम्मानित किया। पत्रकार दल ने मुख्यमंत्री को तमिलनाडु के महाबलीपुरम मंदिर की प्रतिकृति स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *