रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 अगस्त 2026 को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 23 अधिकारियों के पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में मंत्रालय स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कई जिलों के कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।

आदेश के अनुसार सोनमणि बोरा (IAS) को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है।

भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

कई जिलों के कलेक्टर बदले

प्रशासनिक फेरबदल के तहत नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को कलेक्टर कांकेर के पद से हटाकर संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कुंदन कुमार को कलेक्टर मुंगेली से कलेक्टर कांकेर और अमृत विकास तोपनो को कलेक्टर सक्ती से कलेक्टर मुंगेली पदस्थ किया गया है।

जयश्री जैन को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से कलेक्टर सक्ती बनाया गया है। तुलिका प्रजापति को कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से कलेक्टर कबीरधाम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कलेक्टर गरियाबंद भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग पदस्थ किया गया है।

गरियाबंद के नए कलेक्टर के रूप में रणबीर शर्मा की पदस्थापना की गई है। वे इससे पहले संचालक, समाज कल्याण के पद पर कार्यरत थे। वहीं तनुजा सलाम को संचालक, खेल एवं युवा कल्याण से कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी बनाया गया है।

विभागों में भी बदली जिम्मेदारियां

रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद वर्तमान में यह अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे कैसर अब्दुलहक केवल मिशन संचालक, जल जीवन मिशन के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

भोसकर विलास संदिपान को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग ने भी सहमति प्रदान की है।

जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं हिना अनिमेष नेताम को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

गजेन्द्र सिंह ठाकुर को संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पर्यटन मंडल और दुर्ग नगर निगम में भी नई जिम्मेदारी

सौमिल रंजन चौबे को उप सचिव, कृषि विभाग से प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही इस पद को भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है।

लीना कोसम को लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक पद से आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग बनाया गया है। वहीं रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा के पद पर पदस्थ किया गया है।

बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर नारायणपुर से अपर कलेक्टर बिलासपुर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा विवेक आचार्य की पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक पद से सेवाएं उनके पैतृक विभाग वन विभाग को तत्काल प्रभाव से वापस कर दी गई हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी अधिकारियों को उनकी नई पदस्थापना के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार द्वारा जारी किया गया है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *