रायपुर : जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गोरिया की दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती खेस की पढ़ाई को अब तकनीक का सहारा मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बगिया स्थित अपने निवास पर जयमंती को विशेष सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जयमंती डिग्री गर्ल्स कॉलेज, रायपुर में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। दृष्टिबाधा के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखते हुए शिक्षक बनने का सपना संजोया है। मुख्यमंत्री ने जब उनसे पूछा कि आगे क्या बनना चाहती हैं, तो जयमंती ने आत्मविश्वास से कहा कि वह शिक्षक बनना चाहती हैं।

जयमंती की इच्छा सुनकर मुख्यमंत्री साय ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। उन्होंने जयमंती को पूरी लगन से पढ़ाई करने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार संसाधन एवं सहयोग देना प्राथमिकता है।

जयमंती ने अपनी पढ़ाई को सुगम बनाने के लिए कलेक्टर जनदर्शन में लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उनकी आवश्यकता को देखते हुए समाज कल्याण विभाग ने विशेष सहायक सॉफ्टवेयर से लैस लैपटॉप तैयार कराया। मुख्यमंत्री ने स्वयं यह लैपटॉप उन्हें प्रदान किया।

विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से लैपटॉप की स्क्रीन पर उपलब्ध सामग्री को आवाज के माध्यम से सुना जा सकेगा। इससे जयमंती डिजिटल किताबों, नोट्स और अन्य अध्ययन सामग्री का उपयोग अधिक आसानी से कर सकेंगी। तकनीक की मदद से उन्हें स्वतंत्र रूप से अध्ययन करने और उच्च शिक्षा के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में सहूलियत होगी।

लैपटॉप मिलने पर जयमंती ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उनकी पढ़ाई में बेहद उपयोगी साबित होगी। मुख्यमंत्री से मिले प्रोत्साहन और तकनीकी सहयोग ने उनके शिक्षक बनने के सपने को नई ऊर्जा दी है।

जयमंती की कहानी यह संदेश देती है कि सही अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिलने पर चुनौतियां किसी विद्यार्थी के सपनों की राह नहीं रोक सकतीं।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *