रायपुर : सावन सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ गृहग्राम बगिया स्थित फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

मैनी नदी के तट पर स्थित फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी और सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे, किसानों के खेत-खलिहान समृद्ध हों और छत्तीसगढ़ में सुख, शांति एवं खुशहाली निरंतर बढ़ती रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और परमात्मा के प्रति श्रद्धा का अद्भुत समन्वय है। नदियां, वन, पर्वत और जीव-जगत हमारी आस्था एवं जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। सावन में शिव आराधना हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, लोककल्याण और सेवा का संदेश देती है।

तीन दिन तक चलेगा विशेष अनुष्ठान

फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और पूजन कर रहे हैं। आयोजन के दौरान पूजन-अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

17 अगस्त को अनुष्ठान की शुरुआत पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन-अभिषेक, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुई। 18 अगस्त को भी पूजन-अभिषेक के बाद आरती और प्रसाद वितरण होगा, जबकि 19 अगस्त को विशेष पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का संकल्प लोकमंगल, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ लिया गया है। तीन दिनों तक बगिया और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर रहेगा।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *