रायपुर : दंतेवाड़ा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष, उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन और सहकारिता मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की धुन पर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। इस दौरान तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए और शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर राष्ट्रीय एकता, शांति और सद्भाव का संदेश दिया गया। मंत्री केदार कश्यप ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शांति, सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान

मंत्री केदार कश्यप ने नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने जवानों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

अनुशासन और गौरव के साथ निकली परेड

समारोह में पुलिस, सुरक्षा बल, बस्तर फाइटर्स, नगर सेना, स्काउट और बैंड दलों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक एवं परेड कमांडर सुशील नौटियाल ने किया। सधे हुए कदमों के साथ विभिन्न टुकड़ियों की प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह और गौरव का भाव भर दिया।

मार्चपास्ट के शस्त्रधारी वर्ग में जिला पुलिस बल महिला दंतेवाड़ा ने प्रथम स्थान हासिल किया। बस्तर फाइटर्स पुरुष को द्वितीय और बस्तर फाइटर्स महिला को तृतीय स्थान मिला। शस्त्र रहित वर्ग में शासकीय हाई स्कूल दंतेवाड़ा की स्काउट टोली प्रथम रही।

देशभक्ति के रंग में रंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के जरिए राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और सांस्कृतिक समरसता का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कन्या शिक्षा परिसर पातररास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल गीदम-जावंगा और कस्तूरबा माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा संयुक्त रूप से द्वितीय रहे, जबकि निर्मल निकेतन हाई स्कूल कारली और गायत्री विद्यापीठ दंतेवाड़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों और स्कूलों को सम्मानित किया गया।

समारोह में विधायक चौतराम अटामी, महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, डीआईजी कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ के अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जिले में राष्ट्रीय एकता, शांति, विकास और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत किया।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *