रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने अटल जी के राष्ट्रसेवा, दूरदर्शी नेतृत्व और छत्तीसगढ़ निर्माण में ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और विचार आज भी देश और प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम था। उन्होंने छत्तीसगढ़ की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की जरूरतों और पृथक राज्य की लंबे समय से चली आ रही जनआकांक्षा को समझते हुए इसे साकार किया। छत्तीसगढ़ को अलग राज्य के रूप में पहचान दिलाने वाला उनका निर्णय प्रदेश के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ और यहां के लोगों से गहरा आत्मीय रिश्ता था। मुख्यमंत्री ने अटल जी के साथ अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। अटल जी का सरल व्यक्तित्व, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें निरंतर प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता के रूप में भारतीय राजनीति के महान व्यक्तित्व थे। वे लोकतांत्रिक मूल्यों, संवाद और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले सर्वस्वीकार्य नेता थे। उनके नेतृत्व में सुशासन और अंत्योदय को विकास का आधार बनाया गया तथा गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्गों तक विकास पहुंचाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गईं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास को नई गति दी। वहीं जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए उनके कार्यकाल में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। ये फैसले अटल जी की संवेदनशील सोच और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का दायित्व है। राज्य सरकार सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के उनके मूल्यों को आत्मसात करते हुए गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण ही अटल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।