रायपुर : बस्तर तिरंगा यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर तीन दिवसीय यात्रा का समापन किया। बीजापुर से शुरू हुई अंतिम चरण की यात्रा आवापल्ली, गलगम, उसूर, नम्बी और ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहुंची।

उप मुख्यमंत्री शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने तीन दिनों में नारायणपुर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित पांच जिलों में करीब 600 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा पूरी की।

कर्रेगुट्टा में जवानों के साथ फहराया तिरंगा

करेगुट्टा पहुंचकर उप मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने जवानों से मुलाकात की। शहीद जवानों की स्मृति में पौधारोपण करने के बाद स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पहाड़ी पर तिरंगा फहराया गया।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कर्रेगुट्टा जैसे क्षेत्र में जवानों के साथ तिरंगा फहराना उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में है और क्षेत्र के लोगों के मन से भय और भ्रम दूर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में अभी विकास के कई काम किए जाने हैं और यह विकास स्थानीय संस्कृति और जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ेगा।

ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत

यात्रा के दौरान आवापल्ली, गलगम, उसूर, नम्बी और ताड़पाला सहित कई इलाकों में ग्रामीणों और बच्चों ने तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा का स्वागत किया। भारत माता की जय और तिरंगे की जय के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से भर गया।

मंत्री द्वय और सांसद ने विभिन्न स्थानों पर शहीद जवानों की स्मृति में पौधारोपण किया, शहादत की मिट्टी को संग्रहित किया और शहीदों के परिजनों व ग्रामीणों से मुलाकात की।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित माने जाने वाले क्षेत्रों में आज बिना डर के तिरंगा फहराना बदलते बस्तर की तस्वीर है। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि इन क्षेत्रों में तिरंगे का पूरे सम्मान के साथ लहराना ऐतिहासिक क्षण है।

इस अवसर पर चैतराम अटामी, पूर्व विधायक महेश गागड़ा सहित बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *