रायपुर : राजनांदगांव शहर में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम सबसे प्रमुख परियोजना है।

नए ऑडिटोरियम को प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम बताया जा रहा है। इसमें बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के साथ पार्किंग, कॉरिडोर और करीब एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की सुविधा भी होगी। इसके बनने से राजनांदगांव और आसपास के शहरों में बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

विकास कार्यों के तहत शहर के अलग-अलग वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, विद्युतीकरण, स्ट्रीट लाइट, पेयजल पाइपलाइन, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन जैसे काम किए जाएंगे।

15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपये के सड़क, नाली और विद्युतीकरण कार्य होंगे। वहीं अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम और सामुदायिक भवन से जुड़े काम किए जाएंगे। पेयजल व्यवस्था के लिए 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपये से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार भी किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव को पिछले दो वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करीब 267 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए मिली है। उन्होंने शहर को स्वच्छता के मामले में देश में अग्रणी बनाने के लिए नागरिकों से नगर निगम के साथ मिलकर काम करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण, रानी सागर और बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास, सड़क चौड़ीकरण और पेयजल व्यवस्था से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी जल्द मंजूर किए जाएंगे। रानी सागर और बूढ़ा सागर के पुनर्विकास के लिए करीब 14 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि 2000 सीटर ऑडिटोरियम राजनांदगांव के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र की जरूरत भी बताई।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से राजनांदगांव में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। इस दौरान नागरिकों को 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *