रायपुर : प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शनिवार को रायगढ़ जिले के पुसौर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर 1 करोड़ 92 लाख 7 हजार रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें आंगनबाड़ी भवन, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, खेल मैदान में अहाता और शेड निर्माण जैसे जनोपयोगी कार्य शामिल हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुसौर क्षेत्र में स्वीकृत कार्य ग्रामीणों की जरूरतों से सीधे जुड़े हैं। आंगनबाड़ी भवनों से बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष बनने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
लारा और लोहाखान में 94.97 लाख के कार्य
ग्राम पंचायत लारा में 7.25 लाख रुपये की लागत से शेड और डीपापारा में 31.55 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम लोहाखान में 14.35 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन, 10.27 लाख रुपये से प्राथमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्ष और 31.55 लाख रुपये से मंगल भवन का निर्माण होगा।
देवलसुर्रा और दर्रीपाली में शिक्षा-खेल सुविधाओं का विस्तार
ग्राम देवलसुर्रा में 14.35 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन और 5.50 लाख रुपये से सांस्कृतिक मंच निर्माण का भूमिपूजन किया गया। दर्रीपाली में 14.35 लाख रुपये से आंगनबाड़ी भवन, 13.10 लाख रुपये से क्रिकेट ग्राउंड में अहाता और 10.27 लाख रुपये से प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जाएगा।
महलोई और आरमुड़ा में भी विकास कार्य
ग्राम पंचायत महलोई में 15.18 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया गया। ग्राम आरमुड़ा में 14.35 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण का भूमिपूजन हुआ।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका सीधा और दीर्घकालिक लाभ ग्रामीणों को मिलना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
इस अवसर पर जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता, जनपद पंचायत सदस्य हेमालिनी प्रकाश गुप्ता, कृष्ण प्रधान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।