रायपुर, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027) के तहत आज प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित कर दिया गया है। निर्वाचन विभाग ने इसकी हार्ड और सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी है। वहीं मतदाता वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप और आधिकारिक वोटर पोर्टल पर भी मतदान केंद्रवार सूची देख सकते हैं। प्रकाशित प्रारूप सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिला और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब कुल 26 हजार 854 मतदान केंद्र हैं। इनमें 5,876 शहरी और 20,978 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं। इस प्रक्रिया में 47 नए केंद्र बनाए गए, जबकि 389 केंद्रों को विलोपित किया गया है। निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। इसके लिए वोटर हेल्पलाइन ऐप, आधिकारिक वोटर पोर्टल, संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या टोल फ्री नंबर 1950 की सहायता ली जा सकती है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या मतदाता विवरण में कोई त्रुटि है, तो निर्धारित फॉर्म के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीयों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन, स्थानांतरण तथा नए EPIC कार्ड के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 की आगामी अर्हता तिथियों पर पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की महत्वपूर्ण तिथियां
  • ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशन – 12 नवंबर 2026
  • दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि – 11 दिसंबर 2026
  • दावों एवं आपत्तियों का निराकरण – 28 दिसंबर 2026 तक
  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 4 जनवरी 2027
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की है। नाम जुड़वाने या किसी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *