रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद छत्तीसगढ़ अब समन्वित रूप से विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरगुजा से बस्तर तक पूरे प्रदेश के लक्ष्यकेंद्रित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री साय शनिवार शाम रायपुर के महोबा बाजार स्थित एक निजी होटल में आयोजित आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के युवा मंच कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्टजनों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ी बाधा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति से सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस दिखाते हुए प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने में सफलता हासिल की है। अब बस्तर सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात और धुड़मारास जैसे पर्यटन स्थल देश-दुनिया में पहचान बना रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई उद्योग नीति में भी पर्यटन क्षेत्र को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता पर विशेष जोर दे रही है। युवाओं से लगातार संवाद किया जा रहा है और विकास नीति बनाने में उनके सुझावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास का मूलमंत्र है। बस्तर में नक्सलमुक्ति के बाद एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है और आदिवासी विद्यार्थियों के लिए ट्राइबल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिली है। बस्तर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के साथ मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति के तहत प्रदेश में 8 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हुए हैं और सेमीकंडक्टर, एआई डाटा सेंटर तथा टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश कार्य शुरू हो चुके हैं। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आने वाले समय में रोजगार मेले भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *