रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों के लिए आर्थिक राहत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे परिवार अपनी बिजली जरूरतों के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आ रही है और परिवारों को हर महीने आर्थिक बचत का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है। विद्युत विभाग लोगों को योजना की प्रक्रिया, पात्रता, लाभ और सौर ऊर्जा के महत्व की जानकारी देकर अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है। सरकार का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ लोगों के बिजली खर्च को कम करना है।

योजना के तहत घरों की छत पर लगाए गए सोलर पैनल सूर्य के प्रकाश से बिजली का उत्पादन करते हैं। घरेलू उपयोग के बाद बची हुई अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजा जा सकता है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आती है और लंबे समय में आर्थिक लाभ मिलता है। साथ ही यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने योजना को अपने परिवार के लिए बेहद लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि पहले उनके घर का बिजली बिल अपेक्षाकृत अधिक आता था, लेकिन सोलर पैनल लगने के बाद बिजली की नियमित खपत के बावजूद बिल में काफी कमी आई है। हर महीने होने वाली बचत से परिवार के बजट पर सकारात्मक असर पड़ा है।

संदीप गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इससे न केवल बिजली खर्च कम हो रहा है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक परिवारों के जुड़ने से बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *