रायपुर : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में आयोजित रजवार समाज की बैठक एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं ने उनका स्वागत किया तथा समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता, शिक्षा और आपसी सहयोग होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने तथा वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीख लेकर समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज से जुड़े जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
बैठक में समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत बनाने, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही।