रायपुर : केंद्र सरकार द्वारा कर हस्तांतरण के तहत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम हिस्सेदारी जारी की गई है। इस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि राज्य के विकास कार्यों को नई गति देगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को कुल 1,09,019 करोड़ रुपये की कर हस्तांतरण राशि जारी करने का निर्णय लिया है, जो सहकारी संघवाद की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को मिली अग्रिम राशि का उपयोग अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विकास परियोजनाओं में किया जाएगा।

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों के समग्र विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। समय पर कर हस्तांतरण से राज्यों की वित्तीय क्षमता मजबूत होती है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आती है और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए समृद्ध और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *