रायपुर : छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और कलाकारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेशभर के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को बढ़ावा देना, कलाकारों का सम्मान बढ़ाना और कला दलों के सतत विकास को प्रोत्साहित करना है।

योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध हैं। साथ ही इन्हें संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है।

योजना का लाभ लेने के लिए कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी।

योजना का लाभ केवल उन कलाकारों को मिलेगा, जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।

आवेदन 31 अगस्त 2026 तक पंजीकृत डाक के माध्यम से संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़)-492018 के पते पर भेजे जा सकते हैं। लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।

राज्य सरकार का मानना है कि यह योजना लोक कलाकारों को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *