रायपुर : कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव सरस मेला में इस वर्ष सावन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं, दुकानदारों और शिविर संचालकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भोरमदेव धाम की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
प्लास्टिक मुक्त मेला बनाने पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे भोरमदेव परिसर और सरस मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के बैग का उपयोग करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन और कचरा वाहनों में डालने की अपील की। श्रद्धालुओं से घर से कपड़े का थैला और पानी की बोतल साथ लाने का भी आग्रह किया गया।
ग्रामीणों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, मितानिनों और स्वच्छाग्रहियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कचरे का पृथक्करण करने और अपने गांव सहित भोरमदेव धाम को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनसहभागिता से ही भोरमदेव धाम की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता का संदेश अपने परिवार, पड़ोस और गांव तक पहुंचाने की अपील की, ताकि कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान सफल हो सके।