रायपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में वन विभाग ने हाथीदांत तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हाथी के जबड़े के तीन हाथीदांत बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (भोपाल) और राज्य उड़न दस्ता रायपुर की संयुक्त टीम ने 3 अगस्त को रामानुजगंज की एक धर्मशाला में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से हाथीदांत बरामद होने पर तीनों संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के पलामू निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा तथा बलरामपुर-रामानुजगंज के अजय कुमार गुप्ता और सतेन्द्र कुमार शामिल हैं। इनके खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन विभाग ने बताया कि भारतीय जंगली हाथी अनुसूची-1 का संरक्षित वन्यजीव है, इसलिए इस मामले को गंभीर वन अपराध माना गया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।