- राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत हुई प्रदेश की पहचान
- देशभर के पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी विशेषज्ञों, ट्रैवल एजेंट्स और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं पर हुई विशेष चर्चा
रायपुर ,देश के पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र की अग्रणी संस्था फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी (FAITH) द्वारा होटल ताज, नई दिल्ली में आयोजित ‘फेथ कॉन्क्लेव 2026’ में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। सम्मेलन में देशभर से आए पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी विशेषज्ञों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल एजेंट्स, विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों के प्रतिनिधियों और मीडिया की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के पर्यटन विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, जनजातीय एवं साहसिक पर्यटन संभावनाओं का व्यापक प्रस्तुतीकरण किया।
प्राकृतिक सौंदर्य और ईको-टूरिज्म का केंद्र
पैनल चर्चा के दौरान प्रदेश में पर्यटन अधोसंरचना के विस्तार, नई पर्यटन नीतियों, निजी निवेश की संभावनाओं, सामुदायिक सहभागिता, ईको-टूरिज्म, होम-स्टे और हेरिटेज पर्यटन पर विस्तार से जानकारी दी गई।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा “छत्तीसगढ़ आज केवल प्राकृतिक सौंदर्य का प्रदेश नहीं, बल्कि अनुभव आधारित पर्यटन का एक उभरता हुआ केंद्र बनकर सामने आ रहा है। राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार, निवेश और स्थानीय आर्थिक विकास का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हम पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की अनूठी संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव करने के लिए आमंत्रित करते हैं।”
निवेश और अंतरराष्ट्रीय पहचान पर जोर
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि राज्य में पर्यटन विकास के लिए अधोसंरचना, डिजिटल प्रचार-प्रसार, निवेश अनुकूल वातावरण और निजी क्षेत्र की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने ट्रैवल एजेंसियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से साझेदारी बढ़ाने तथा छत्तीसगढ़ में पर्यटन व्यवसाय की नई संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कॉन्क्लेव के मुख्य बिंदु:
-
सराहना और रुचि: सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन की प्रस्तुति को उपस्थित प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सराहा और राज्य की विविध पर्यटन संभावनाओं में गहरी रुचि दिखाई।
-
वैश्विक पहचान की दिशा में कदम: फेथ कॉन्क्लेव 2026 में यह भागीदारी नए निवेश को आकर्षित करने और ‘अनदेखा भारत’ (Unexplored India) के रूप में छत्तीसगढ़ को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।