कोरबा.  जल संरक्षण के क्षेत्र में कोरबा नगर पालिक निगम के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में किए जा रहे वर्षा जल संरक्षण कार्यों की सराहना की। इसे कोरबा नगर निगम, जिला प्रशासन और जिलेवासियों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में शहर में जल संरक्षण के लिए कई नवाचारी पहल की गई हैं। एसएएम-2.0 योजना के तहत इसरो के तकनीकी सहयोग से 10 रिचार्ज वेल बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से वर्षा जल को सीधे भूगर्भ में पहुंचाकर भूजल स्तर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम ने शासकीय एवं निजी भवनों में कुल 1,728 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट स्थापित कराए हैं। साथ ही भवन निर्माण अनुमति में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा 95 अनुपयोगी बोरवेलों को रिचार्ज संरचनाओं में विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।

जल संरक्षण के साथ जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जा रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और ‘रन फॉर ग्रीन कोरबा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में कोरबा के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय स्तर पर किए गए नवाचारी और जनभागीदारी आधारित प्रयास अब देशभर के लिए प्रेरणादायक मॉडल बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *