सहायक ग्रेड-3 के सबसे ज्यादा 1,206 पद, 10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा रायपुर, छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल पहली बार इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा। भर्ती में तृतीय श्रेणी के अंतर्गत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न पद शामिल हैं। इस भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के सर्वाधिक 1,206 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, शीघ्रलेखक हिंदी के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसी तरह शीघ्रलेखक द्विभाषी के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक अंग्रेजी के 3 पद शामिल हैं। 27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे का समय निर्धारित किया गया है। 10 जनवरी को होगी लिखित परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर नियमानुसार परीक्षा शुल्क की राशि उसी बैंक खाते में वापस की जाएगी, जिससे शुल्क का भुगतान किया गया है। भर्ती से संबंधित पदों की योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *