मास्टर ट्रेनर्स के पहले बैच का प्रशिक्षण पूरा, 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी दूसरे चरण की जनगणना
रायपुर, छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत प्रदेश में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक मैदानी स्तर पर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी जुटाएंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रदेशभर में करीब 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।
जनगणना के दूसरे चरण को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए जिलों से 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। वहीं, इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए 60 मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें 47 जिलों से और 13 जनगणना कार्य निदेशालय से नामित किए गए हैं।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण 2 से 5 नवंबर तक संपन्न हुआ। इसमें राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव ने प्रशिक्षण दिया।
पहले बैच में 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, प्रश्नावली भरने, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, आंकड़ों के संकलन और उनकी गुणवत्ता बनाए रखने की जानकारी दी गई। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें जिला स्तर पर अन्य प्रशिक्षकों को तैयार करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
16 नवंबर से शुरू होगा दूसरा प्रशिक्षण बैच
मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक प्रशासन अकादमी, नवा रायपुर में आयोजित होगा। इसके बाद मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देंगे। आगे फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देंगे।
गौरतलब है कि जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में 1 से 30 मई 2026 तक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षण में तकनीकी दक्षता, आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।