4078145881738806504
14271021545470334915
International Yoga Day 2026

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी जिला मुख्यालय स्थित हरदिहा साहू समाज भवन, रत्नाबांधा रोड में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य उपहार है, जिसने पूरे विश्व को स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि योग स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ तनावमुक्त जीवन जीने में भी सहायक है। पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि योग भारतीय सनातन संस्कृति की अनुपम देन है, जो मानव जीवन में संतुलन, अनुशासन और आत्मिक शांति स्थापित करती है।

योग प्रशिक्षक सुश्री रेवती नेताम के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन एवं शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी एवं ध्यान की क्रियाओं के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा। योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण, जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम तथा मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, अपने परिवार एवं समाज को योग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री अजय चंद्राकर ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग एवं नशामुक्त जीवन दोनों ही आवश्यक हैं। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार, नगर निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *