4078145881738806504
14271021545470334915
Shiv Mandir Bhumi Pujan

पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अम्बिकापुर स्थित नमनाकला वार्ड क्रमांक 14 सरना में प्रस्तावित शिव मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक हैं। मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को सहेजने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी रहें।
उन्होंने कहा कि नमनाकला क्षेत्र में शिव मंदिर निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक वातावरण मिलेगा तथा क्षेत्र में आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी। मंत्री श्री अग्रवाल ने स्थानीय नागरिकों की सहभागिता और धार्मिक आस्था की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग से ऐसे निर्माण कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ मंदिर निर्माण कार्य के शुभारंभ का स्वागत किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर अम्बिकापुर नगर पालिका निगम की महापौर मंजूषा भगत सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *