छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराते हुए आज मर्दापाल में श्मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनाश् के तहत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में क्षेत्र के 50 जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षाेल्लास के साथ अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। वन मंत्री केदार कश्यप ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद, प्रत्येक जोड़े को मिले 35-35 हजार रुपये के चेक वितरित किए।
बेटियों का सम्मान और सामाजिक सुरक्षा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के वन मंत्री श्री केदार कश्यप शामिल हुए। नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने कहा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी बेटियों को सम्मान और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयासरत है।
विकास और खुशहाली का नया अध्याय
श्री कश्यप ने क्षेत्र में बदलते परिदृश्य की सराहना करते हुए कहा कि अब यहाँ शांति और विकास का वातावरण निर्मित हो रहा है। उन्होंने सभी से मिलजुलकर खुशहाल समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
आर्थिक सहायता और विधिक दस्तावेज
सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से वित्तीय सहायता के रूप में प्रत्येक जोड़े को योजना के तहत 35-35 हजार रुपये की राशि के चेक वितरित किए गए। मौके पर ही सभी जोड़ों को कानूनी मान्यता हेतु विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सामाजिक सरोकार बाल विवाह रोकथाम की शपथ
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई गई, जो सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एक कड़ा संदेश है। यह आयोजन पारंपरिक विधि-विधानों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नवदंपत्तियों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण साक्षी बने। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप सहित एसडीएम श्री अजय उरांव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।