जशपुरनगर कुनकुरी, दुलदुला ब्लॉक के गांव मकरीबंधा के पहाड़ी कोरवा जनजाति का छात्र मनोज राम गुजरात के नाडियाड में निशाना साधेगा। मनोज ने रायपुर में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंडर 17 आयु वर्ग में कांस्य पदक जीता है।

इस प्रदर्शन के आधार पर मनोज राम का चयन 11 से 12 नवंबर तक गुजरात के नाडियाड में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मनोज शनिवार को रायपुर से गुजरात के लिए रवाना हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कलेक्टर रोहित व्यास ने सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य का नाम रोशन करने के लिए हौसला बढ़ाया।
बता दें कि जशपुर के रणजीता स्टेडियम में अप्रैल 2022 से तीरंदाजी केंद्र संचालित किया जा रहा है। मनोज यहीं रहकर तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रहा था। इससे पहले मनोज राम ने अंडर 14 आयु वर्ग में 2022 में राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीता था, लेकिन कोरोना के चलते नेशनल प्रतियोगिता आयोजित नहीं की गई थी।
जिला मुख्यालय जशपुर के दो साल से संचालित तीरंदाजी केंद्र एवं एकलव्य खेल अकादमी में प्रतिभाओं का निखारा जा रहा है। यहां वर्तमान में 10 बच्चे तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रहे है, जिसमें 6 छात्र कोरवा जनजाति से, 3 अनु.जनजाति से और एक छात्र पिछड़ा वर्ग से है। तीरंदाजी प्रशिक्षक राजेन्द्र देवांगन ने बताया कि अकादमी की ओर से सभी बच्चों को पर्सनल बो-ऐरो प्रदान किया गया है। यहां करीब 4 लाख के तीर-धनुष से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उपयोग की जाती है। इन खिलाड़ी छात्रों को आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल जशपुर में स्कूली शिक्षा दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *