रायपुर,  छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने संपत्ति विक्रय के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2024 से अगस्त 2026 तक 32 माह में मंडल ने 7,650 संपत्तियों का विक्रय किया है, जिनका कुल मूल्य 1,609.18 करोड़ रुपये है।

वर्ष 2019 से 2023 के दौरान पांच वर्षों में 7,793 संपत्तियों का विक्रय हुआ था। इस अवधि में संपत्ति विक्रय का वार्षिक औसत करीब 1,559 रहा, जबकि वर्ष 2024 से अगस्त 2026 के दौरान यह बढ़कर करीब 2,869 संपत्तियां प्रतिवर्ष हो गया। इस तरह वार्षिक औसत विक्रय में करीब 84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

विक्रय मूल्य के मामले में भी मंडल ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2019 से 2023 के बीच संपत्तियों का वार्षिक औसत विक्रय मूल्य करीब 272.44 करोड़ रुपये था, जो वर्तमान अवधि में बढ़कर करीब 603 करोड़ रुपये हो गया है।

मंडल की ओटीएस-2 योजना को भी सफलता मिली है। 1 मार्च 2025 से अब तक योजना के तहत 1,584 संपत्तियों का निराकरण किया गया है, जिनका कुल मूल्य करीब 238.67 करोड़ रुपये है। योजना से लंबे समय से लंबित बकाया मामलों के समाधान में मदद मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में मंडल द्वारा संपत्ति प्रबंधन, पारदर्शी विक्रय प्रक्रिया और हितग्राही सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। मंडल के अनुसार संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और सरल प्रक्रिया के चलते विक्रय गतिविधियों में तेजी आई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *