रायपुर : छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से मजबूत करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के 158 नगरीय निकायों के लिए विभिन्न मदों में कुल 74 करोड़ 88 लाख 17 हजार रुपये की राशि आबंटित की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने सभी संबंधित निकायों को राशि आबंटन के आदेश जारी कर दिए हैं।

विभाग के अनुसार, प्रदेश के 10 नगर निगमों को 45 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये, 48 नगर पालिकाओं को 18 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये और 100 नगर पंचायतों को 11 करोड़ 19 लाख 92 हजार रुपये आबंटित किए गए हैं।

यह राशि निकायों को अनिवार्य निधि, राजस्व वसूली, चुंगी क्षतिपूर्ति, उत्पाद कर, बार लाइसेंस और मुद्रांक मद के अंतर्गत प्रदान की गई है। राशि मिलने से नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

वेतन और सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान में मिलेगी सहायता

आबंटित राशि का उपयोग स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों के वेतन और सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान सहित विभिन्न जरूरी कार्यों में किया जा सकेगा। इसके अलावा निकायों में मरम्मत और संधारण कार्यों को गति देने में भी राशि मददगार होगी।

विभाग के मुताबिक, अतिवृष्टि जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए भी नगरीय निकायों को इस राशि से आवश्यक सहायता मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर जरूरी सेवाओं के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *