रायगढ़। साइबर अपराधों के प्रति आमजन, खासकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता का समापन एवं सम्मान समारोह पूज्य संत बाबा प्रियदर्शी रामजी ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया और रायगढ़ पुलिस की साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग भी की गई।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों की चुनौती भी लगातार बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं साइबर जागरूक बनने और ‘साइबर एम्बेसडर’ की भूमिका निभाते हुए अपने परिवार, दोस्तों और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की सेवा गतिविधियों में साइबर जागरूकता को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने साइबर जागृति अभियान और तकनीक आधारित जनजागरूकता पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के उपयोग को जनहित, जागरूकता और सुरक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया गया। सात सप्ताह के दौरान रायगढ़ जिले में विभिन्न माध्यमों और गतिविधियों के जरिए करीब 2 लाख लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसी अभियान के तहत ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता को साइबर जागरूकता से जोड़कर डिजिटल सुरक्षा का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाना था।
प्रतियोगिता में देशभर से व्यापक भागीदारी देखने को मिली। 11 राज्यों के 35 जिलों से कुल 162 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जबकि रूस से भी एक फिल्म की एंट्री आई। प्रतियोगिता में 3 से 6 मिनट की श्रेणी में स्वपनिल कोटरीवार की फिल्म ‘दूसर छोर’ प्रथम, होमेन्द्र कुमार की ‘जरूरत’ द्वितीय और प्रकाश पटेल की ‘गुपचुप ठेला’ तृतीय रही। वहीं 1 से 3 मिनट की श्रेणी में दीपक जायसवाल की ‘एक्सेस लिंक’ प्रथम, तुषार सोलंकी की ‘Dial 1930’ द्वितीय और समीर चन्द्रा की ‘Golden Hour’ तृतीय स्थान पर रही। दोनों श्रेणियों के छह विजेताओं को कुल 3.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
समारोह में रायगढ़ पुलिस की विशेष साइबर जागरूकता फिल्म ‘The Cyber Trap’ भी दिखाई गई। यह फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थी, बल्कि साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। फिल्म की कहानी और निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रतिभागी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।