मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को अब ई-केवाईसी, पंजीयन और नवीनीकरण के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। श्रम विभाग की ओर से मनेन्द्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंड की ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। यह अभियान 30 सितंबर 2026 तक चलेगा, जहां श्रमिक मौके पर ही जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करा सकेंगे।

शिविरों में पंजीकृत श्रमिकों के पंजीयन और नवीनीकरण के साथ पंजीयन में संशोधन, विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं से जुड़े आवेदन और ई-केवाईसी की सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी प्रक्रिया को उनके गांव तक पहुंचाना है।

तीनों विकासखंडों में अलग-अलग तारीखों पर शिविर

मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में 10 से 30 सितंबर तक अलग-अलग ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा रहे हैं। 15 सितंबर को छिपछिपी और भौंता, 16 सितंबर को डुगला, बिझियाटोला, केवटी, बुलाकीटोला और केल्हारी तथा 17 सितंबर को रोजी, डिहुली, बिरौडांड, शिवगढ़ और बड़का बहेरा में शिविर होंगे। 21 सितंबर को सोनहरी, गरुड़डोल, बाला, महाई और केलुआ तथा 22 सितंबर को सिरियाखोह और हरितनापुर में शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 23 से 30 सितंबर तक तय कार्यक्रम के अनुसार अन्य पंचायतों में शिविर होंगे।

खड़गवां विकासखंड में 9 सितंबर से शिविर शुरू हो चुके हैं। 15 सितंबर को अखराडांड, 16 सितंबर को सुंदरपुर, देवाडांड, सलका, लकड़ापारा और गिद्धमुड़ी तथा 17 सितंबर को छोटेकेलुआ, आमाडांड, जड़हरी और कदरेवा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 21 से 30 सितंबर तक भी अलग-अलग ग्राम पंचायतों में शिविर जारी रहेंगे।

भरतपुर विकासखंड में 11 से 30 सितंबर तक अभियान चलेगा। 15 सितंबर को भगवानपुर, घाघरा और एतवार, 16 सितंबर को जनुआ, बेलनगांव, चरखर, मेहदौली और डोंगरीटोला, 21 सितंबर को देवगढ़, हरई, कुंवारी, पतवाही और ओहनिया तथा 22 सितंबर को हरचौका और चिड़ौला में शिविर होंगे। 23 से 30 सितंबर तक बाकी पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे।

सुबह 10 बजे पहुंचेगा अमला, 48 घंटे में दर्ज होगी जानकारी

श्रम विभाग ने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को शिविर की निर्धारित तारीख पर सुबह 10 बजे पहुंचने के निर्देश दिए हैं। पंचायतों में पहले से मुनादी और दूसरे माध्यमों से इसकी जानकारी देने को कहा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रमिक शिविर तक पहुंच सकें। संबंधित श्रमिकों की ई-केवाईसी सूची भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर में मिलने वाले आवेदनों और उनके निराकरण की जानकारी 48 घंटे के भीतर विभागीय पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। शिविर की फोटो अपलोड करने के लिए श्रम कल्याण अधिकारी अनिल साहू को जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभियान को सुचारू बनाने के लिए जिला और जनपद पंचायत के अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच, जनसंपर्क अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर और अन्य संबंधित अमला सहयोग करेगा। सीएससी/वीएलई की उपलब्धता और तकनीकी प्रक्रिया पूरी कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *