3 नवंबर को राज्योत्सव में अमित शाह करेंगे राशि का अंतरण, प्रदेश की 67.40 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेगी सहायता राशि

रायपुर, दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत बड़ी सौगात मिलने जा रही है। योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त 3 नवंबर को राज्योत्सव समारोह के दौरान जारी की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।

राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इसी दौरान मुख्य मंच से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में राशि भेजी जाएगी। दीपावली से पहले आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को त्योहार की तैयारियों और घरेलू जरूरतों में मदद मिलेगी।

इस किस्त में ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को नियमित किस्त का लाभ मिलेगा। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को 13वीं किस्त की राशि प्रदान की जाएगी। इस तरह कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाएं योजना से लाभान्वित होंगी।

32 किस्तों में मिल चुके हैं 20,717.87 करोड़ रुपये

छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 को शुरू हुई महतारी वंदन योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को जारी की गई थी। इसके बाद से लगातार महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 32 किस्तों के माध्यम से हितग्राहियों को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। 33वीं किस्त के अंतरण के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा।

योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं। हितग्राही महिलाएं भुगतान की स्थिति और योजना से संबंधित अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *