ब्रेकिंग न्यूज़
उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का किया शुभारंभ, विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां बिलासपुर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सशक्त महिलाएं और हुनरमंद युवा विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत हैं। इनकी भागीदारी से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेशवासियों की भावनाओं और जरूरतों को समझते हुए अलग राज्य की सौगात दी। प्राकृतिक, वन और खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पहचान दिलाने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अटल जी के सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के कौशल पर जोर श्री साव ने कहा कि राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती है। महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं युवाओं को बेहतर शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नए संस्थान शुरू किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ाई जा रही हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर के निर्माण से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बढ़ रहीं सुविधाएं उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और खेल अलंकरण सम्मान दोबारा शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है। उन्होंने मैनपाट की टीम के कक्षा 11वीं के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहे हैं। औद्योगिक निवेश और विकास कार्यों को मिल रही गति श्री साव ने कहा कि प्रदेश सरकार मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। बिलासपुर में सड़कों की स्वीकृति और अधोसंरचना के विस्तार से विकास को गति मिल रही है। बेहतर औद्योगिक नीति के चलते देश और दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान नक्सलवाद से जुड़ी खबरों के कारण होती थी, लेकिन अब नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ और अधिक खुशहाल एवं समृद्ध बनेगा। इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा देकर प्रदेश को नई पहचान दी। राज्य गठन के बाद विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति हुई है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिल रही है। स्वाति दीदी को किया सम्मानित, प्रदर्शनी का लिया जायजा समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और शासन की योजनाओं, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी ली। कार्यक्रम में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया। समारोह में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *