रायपुर : नवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी दर्शन के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने देवी पंडालों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। ग्राम मढ़मढ़ा में उप मुख्यमंत्री मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों से मिले और उनकी मांगों की जानकारी ली।

मढ़मढ़ा में विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं

कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष बनाने के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड, पटेल समाज भवन में किचन शेड और वार्ड क्रमांक-9 में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।

गांव में दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने के साथ सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की गई। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली।

नेवरीगुड़ा में धार्मिक झांकियों के किए दर्शन

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम मैनपुरी में मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचे, जहां नवरात्रि के अवसर पर आकर्षक धार्मिक झांकियां सजाई गई हैं। यहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, 12 ज्योतिर्लिंगों, चारों धाम, अयोध्या के भगवान श्रीराम और भगवान जगन्नाथ की झांकियां स्थापित की गई हैं।

नेवरीगुड़ा में ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणाएं कीं। वहीं, ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों और शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की गई।

मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना

ग्रामीण प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री के इस दौरे में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर चर्चा प्रमुख रही। विभिन्न गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य निर्माण कार्यों की घोषणाओं से स्थानीय विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *