रायपुर : सरगुजा जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए डॉक्टर और इंजीनियर बनने की राह आसान बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। अब जिले के 35 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के 2,120 विद्यार्थियों को नीट और जेईई की निःशुल्क लाइव ऑनलाइन कोचिंग मिलेगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शनिवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में इस योजना का शुभारंभ किया।

जिला खनिज संस्थान न्यास और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई इस परियोजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 और 2027-28 में विद्यार्थियों को दो वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए चयनित स्कूलों में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की गई हैं। कोचिंग का संचालन फिजिक्स वाला लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।

बड़े शहरों जैसी कोचिंग अब स्कूलों में

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं होती। सही अवसर, उचित मार्गदर्शन और मेहनत करने का जज्बा हो, तो सरगुजा का बच्चा भी देश में अपनी अलग पहचान बना सकता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी का सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए।

मंत्री ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन कक्षाओं में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक किया जाए।

NEET और JEE के लिए अलग-अलग तैयारी

परियोजना के तहत गणित समूह के विद्यार्थी जेईई और जीव विज्ञान समूह के विद्यार्थी नीट की तैयारी कर सकेंगे। लाइव टू-वे इंटरैक्टिव कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थी विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे। कक्षाएं हिंदी और अंग्रेजी के मिश्रित माध्यम में संचालित होंगी।

लाइव कक्षाओं के अलावा विद्यार्थियों को रिकॉर्डेड लेक्चर, मोबाइल ऐप, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, क्लास नोट्स, मुद्रित अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक, ऑनलाइन मॉक टेस्ट और ऑल इंडिया टेस्ट सीरीज की सुविधा भी मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिलेगा।

AI तकनीक से होगी पढ़ाई की निगरानी

योजना में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखने के लिए एआई आधारित लर्निंग एनालिटिक्स, प्रदर्शन ट्रैकिंग और अभिभावक रिपोर्टिंग डैशबोर्ड का उपयोग किया जाएगा। चयनित स्कूलों में 75 इंच के 4K इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, कंप्यूटर सिस्टम, वायरलेस माइक्रोफोन, एचडी वेब कैमरा, स्पीकर सिस्टम और कम से कम तीन घंटे के पावर बैकअप की व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि परियोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। प्रत्येक तीन महीने में फीडबैक सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों की तैयारी, समस्याओं और आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने बताया महत्वपूर्ण कदम

कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की यह पहल सराहनीय है। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने भी विद्यार्थियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।

राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि यह पहल सरगुजा को शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने इस तरह की परियोजना को प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

166 पशु सखियों को मिले प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने ए-हेल्प कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित 166 पशु सखियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। ये पशु सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय कर टीकाकरण, कृमिनाशक दवा वितरण, पशु बीमा और पशुधन स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में सहयोग करेंगी। प्रशिक्षण में आरसेटी, कृषि विज्ञान केंद्र और पशु चिकित्सा विभाग की भूमिका रही।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और पशु सखियां उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *