बिलासपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। बिलासपुर संभाग के अलग-अलग जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया। जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को करीब से अनुभव करने का अवसर भी है।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रवाना होने से पहले भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारे लगाते नजर आए। कई लोग अपने परिजनों के साथ पहुंचे थे, जिन्होंने उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देकर विदा किया।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और जिला पंचायत सभापति भारती नीरज माली समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेशवासियों को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अयोध्या और काशी भारत की आध्यात्मिक परंपरा के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार लोगों की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है।
मंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन और काशी विश्वनाथ की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव होगा। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, वहीं काशी विश्वनाथ धाम भगवान शिव के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है।
सरकार के अनुसार, श्री रामलला दर्शन योजना के जरिए अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का लाभ मिल चुका है। योजना का उद्देश्य ऐसे लोगों को भी तीर्थयात्रा का अवसर देना है, जिनके लिए व्यक्तिगत स्तर पर अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करना आसान नहीं होता।
बिलासपुर से रवाना हुई विशेष ट्रेन में श्रद्धालुओं के लिए यात्रा संबंधी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी के अधिकारी-कर्मचारी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं में जुटे रहे।