नई दिल्ली, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग के विस्तार, निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल सेक्टर को थ्रस्ट सेक्टर का दर्जा दिए जाने और निवेशकों के लिए विशेष प्रोत्साहनों की जानकारी दी।
1000 से ज्यादा रोजगार देने वाली इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य निवेश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। नई औद्योगिक नीति में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग श्रम आधारित होने के कारण इसमें युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार की बड़ी संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय उद्यमिता और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नवा रायपुर में विकसित हो रहा टेक्सटाइल इको-सिस्टम
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में टेक्सटाइल इकाइयों की स्थापना को गति मिल रही है। सरकार का प्रयास है कि यहां केवल उत्पादन इकाइयां ही नहीं, बल्कि डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और बाजार को जोड़ने वाला पूरा टेक्सटाइल इको-सिस्टम तैयार हो।
इससे छत्तीसगढ़ के सेंट्रल इंडिया के प्रमुख टेक्सटाइल और अपैरल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
कोसा सिल्क को मिलेगा आधुनिक बाजार
बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध वस्त्र परंपरा और चांपा के कोसा सिल्क का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक बुनकरों और शिल्पकारों के कौशल को आधुनिक डिजाइन, तकनीक, ब्रांडिंग और बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में NIFT की स्थापना से युवाओं को फैशन डिजाइन और टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी में आधुनिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण मिलेगा। इससे पारंपरिक कला को आधुनिक बाजार की जरूरतों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
केंद्र देगा तकनीक और नवाचार में सहयोग
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल सेक्टर के विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में इस क्षेत्र के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने टेक्सटाइल इकाइयों के विस्तार से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना जताई।
केंद्रीय मंत्री ने आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और नए अवसरों के विस्तार के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसा टेक्सटाइल इको-सिस्टम तैयार करने पर काम कर रही है, जहां निवेश, रोजगार, स्थानीय कौशल, पारंपरिक वस्त्र कला और आधुनिक तकनीक का बेहतर समन्वय हो। इससे आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख टेक्सटाइल केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में नई गति मिलेगी।