4078145881738806504
14271021545470334915

“सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब! दंतेवाड़ा के समाधान शिविर में 221 आवेदन, लोगों ने रखीं बड़ी मांगें”

Sushasan Tihar 2026

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत सुरनार में आयोजित क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में आसपास के सात ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री चैतराम अटामी शामिल हुए। इस अवसर पर जनपद पंचायत कटेकल्याण के उपाध्यक्ष श्री भीमसेन मंडावी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस शिविर में कुल 221 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 216 मांग संबंधी और 5 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं।

सात ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

शिविर में ग्राम पंचायत धनीकरका, दुवालीकरका, बुरदीकरका, नड़ियापदर, सुरनार, गाटम और बड़ेलखापाल के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। ग्रामीणों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।

14 विभागों ने लगाए स्टॉल, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में 14 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण के रूप में व्हीलचेयर और छड़ी प्रदान की। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा चार बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, इससे हितग्राहियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बना शिविर

सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। शिविर के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को लेकर लोगों में जागरूकता आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *