रायपुर : बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ओखर स्थित गौधाम में पशुओं की मौत के मामले में पशु चिकित्सा विभाग ने जांच पूरी कर रिपोर्ट कलेक्टर संजय अग्रवाल को सौंप दी है। जांच में पिछले तीन दिनों के दौरान कुल 6 पशुओं की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें चार पशुओं की मृत्यु वृद्धावस्था के कारण, जबकि दो की मौत अन्य कारणों से होना बताया गया है।

कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर पहुंची पशु चिकित्सा टीम

मामले की जानकारी सामने आने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने गौधाम का निरीक्षण किया। टीम ने मृत पशुओं का पोस्टमार्टम करने के साथ ही मौके की स्थिति का भी जायजा लिया और अपनी रिपोर्ट तैयार की।

बारिश के बाद गौधाम में हुआ जलभराव

जांच के दौरान गौधाम परिसर में हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश के कारण जलभराव की स्थिति भी सामने आई। जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को पशुओं को गौधाम में विस्थापित किया गया था। वर्तमान में ग्राम पंचायत ओखर के करीब 300 पशु यहां मौजूद हैं।

300 पशुओं को सुरक्षित जगह ले जाने के निर्देश

पशुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन ने गौधाम में मौजूद सभी 300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। ग्राम पंचायत ओखर के सरपंच की सहमति से पशुओं को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करने और चराई के लिए बाहर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से पशुओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का फोकस अब पशुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और गौधाम में जलभराव जैसी स्थिति से निपटने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *