रायपुर, छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। लीग के लिए छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा के साथ सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में टीमों का आवंटन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्घाटन सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी और एक मुख्य कोच होगा। लीग का उद्देश्य प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना तथा राज्य में हॉकी के विकास को नई गति प्रदान करना है।

सरदार सिंह संभालेंगे लीग के एंबेसडर की जिम्मेदारी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी को लीग का एंबेसडर बनाए जाने से युवा हॉकी खिलाड़ियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने लीग से जुड़ने वाले छह फ्रेंचाइजी मालिकों और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल के विकास के लिए इस तरह की साझेदारी महत्वपूर्ण है। लीग के एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

छह फ्रेंचाइजी टीमों को मिला आवंटन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनके नाम और फ्रेंचाइजी इस प्रकार हैं:
  • चक्रधर चैंपियंस — जिंदल स्टील लिमिटेड
  • न्यायधानी नाइट्स — साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL)
  • राजधानी रॉयल्स — श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड
  • मैनपाट टाइगर्स — छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स — सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड
  • बैलाडीला बुल्स — एनएमडीसी लिमिटेड
ड्रॉ के जरिए फ्रेंचाइजी टीमों का आवंटन किया गया। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा, जिसमें चार अतिथि खिलाड़ी शामिल रहेंगे। इस तरह लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं।

छह पूर्व ओलंपियन होंगे टीमों के मार्की खिलाड़ी

लीग में अनुभवी हॉकी खिलाड़ियों की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रहेगी। छह टीमों की अगुवाई पूर्व ओलंपियन एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर करेंगे। प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल होगा। इन खिलाड़ियों के अनुभव से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिता में खेलने और खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, लीग के जरिए प्रदेश में हॉकी की प्रतिभाओं को सामने लाने और घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

विजेता को 11 लाख, उपविजेता को छह लाख रुपये

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में कुल 18 पुरुष मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित होगा। लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को छह लाख रुपये दिए जाएंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए चार लाख रुपये के पुरस्कार निर्धारित हैं। प्रत्येक पुरुष मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को 10 हजार रुपये मिलेंगे। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

नि:शुल्क देख सकेंगे मुकाबले, जियोहॉटस्टार पर होगा प्रसारण

हॉकी प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। प्रतिदिन पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों मैचों के बीच दर्शकों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियोहॉटस्टार पर मुकाबलों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। इससे प्रदेश के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के हॉकी प्रेमियों को भी लीग से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में दिखेगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान

लीग का उद्घाटन समारोह खेल और संस्कृति के संगम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश की कला एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ देशभक्ति कार्यक्रम भी होंगे। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इस दौरान हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन भी तैयार की गई है। प्रदेश के बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। वहीं, लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह लीग छत्तीसगढ़ में हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने, स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और प्रदेश को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में योगदान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *