सक्ती : सक्ती जिले के विकास को लेकर शुक्रवार को बड़ा ऐलान हुआ। ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को 121.70 करोड़ रुपए के 38 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 23 कार्यों का भूमिपूजन और 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन हुआ, जबकि 42.46 करोड़ रुपए के 15 पूर्ण हो चुके कार्य जनता को समर्पित किए गए। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े काम शामिल हैं।
34 किलोमीटर से ज्यादा सड़कों को मिलेगी नई सुविधा
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में देवरघटा से सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब 25.82 करोड़ रुपए और छुहीपाली से सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण व नवीनीकरण के लिए करीब 15.30 करोड़ रुपए शामिल हैं।
इसके अलावा अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग समेत कई अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया। इन कामों से ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
कॉलेज, अस्पताल और महतारी सदन को भी मिली मंजूरी
शिक्षा के क्षेत्र में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नए भवन और बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन भी बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अलग-अलग गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन बनाए जाएंगे। महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण की भी आधारशिला रखी गई।
15 विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम में करीब 42.46 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 15 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र की करीब 14.35 करोड़ रुपए की सड़क परियोजना और देवरघटा से ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित करीब 11.35 करोड़ रुपए की सड़क शामिल है। बुंदेली-अड़भार मार्ग भी जनता को समर्पित किया गया।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नए तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नए पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी, सुलौनी हाईस्कूल, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा महतारी सदन समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।