4078145881738806504
14271021545470334915
ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला राष्ट्रीय औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो MSME क्षेत्र को मजबूत बनाने और उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

प्रतिनिधियों के अनुसार, 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में देशभर के उद्यमी, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और तकनीकी संस्थान एक मंच पर आएंगे। आयोजन के दौरान आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार से जुड़े नए अवसरों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से छत्तीसगढ़ के MSME क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय उद्यमियों को नई तकनीकों को अपनाने, निवेश आकर्षित करने तथा राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी.पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *