रायपुर : राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में गेल (इंडिया) लिमिटेड के राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री के मुताबिक परियोजना के शुरू होने से राजनांदगांव के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्लांट से सीधे रोजगार के अवसर बनने के अलावा सहायक उद्योगों, परिवहन, व्यापार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों और निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर लगातार काम कर रही है। सरकार का फोकस ऐसे उद्योगों को बढ़ावा देने पर है, जिनमें आधुनिक तकनीक के साथ ज्यादा मूल्य वाले विनिर्माण और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं हों। इससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
मुलाकात के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में एक उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में निवेश बढ़ने से नई तकनीक, औद्योगिक इकाइयों और रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के लिए संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल उद्योगों की स्थापना तक सीमित न रहे, बल्कि उसका सीधा फायदा स्थानीय युवाओं, कारोबारियों और आसपास के क्षेत्रों को भी मिले।
राजनांदगांव की फर्टिलाइजर परियोजना और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 जैसी योजनाओं को इसी व्यापक औद्योगिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के जरिए सरकार औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार, स्थानीय कारोबार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दे रही है।