एसटीपी प्लांट का काम जल्द पूरा करने के निर्देश, ई-बस डिपो में चार्जिंग पॉइंट लगाने पर जोर
रायपुर, दुर्ग-भिलाई में नवंबर से शुरू होने जा रही ई-बस सेवा और निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट के कार्यों को गति देने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव और दुर्ग जिले के प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा ने शुक्रवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्ग के उरला स्थित निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत तैयार किए जा रहे बस डिपो का जायजा लेकर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
एसटीपी प्लांट का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने एसटीपी प्लांट के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। एसटीपी प्लांट के सुचारु संचालन से शहर में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ई-बस डिपो में चार्जिंग व्यवस्था पर जोर
नवंबर में दुर्ग-भिलाई में प्रस्तावित ई-बस सेवा को ध्यान में रखते हुए सोनमणि बोरा ने बस डिपो में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बसों के संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और डिपो में चार्जिंग पॉइंट लगाने का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में आवश्यक मरम्मत कार्य भी शीघ्र कराने को कहा, ताकि ई-बस सेवा शुरू होने से पहले डिपो को तैयार किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान दुर्ग नगर निगम आयुक्त लीना कोसम, एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य और अधीक्षण अभियंता सुनील सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।