सूरजपुर : शनिवार को सूरजपुर जिले के सरकारी स्कूलों में बैगलेस डे कुछ अलग अंदाज में मनाया गया। बच्चों ने इस दिन किताबों और बस्ते से हटकर स्वच्छता, खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। स्कूलों में आयोजित इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को पढ़ाई के साथ रोजमर्रा की जिंदगी में काम आने वाले व्यावहारिक कौशल सीखने का मौका मिला।
जिले के अलग-अलग स्कूलों में जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्थानीय लोगों की भागीदारी भी देखने को मिली। बच्चों ने स्कूल परिसर की सफाई से लेकर खेलकूद और विभिन्न कलात्मक गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे आयोजनों से बच्चों में टीमवर्क, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी जैसी खूबियां विकसित करने में मदद मिलती है।
सफाई अभियान से पर्यावरण संरक्षण तक
बैगलेस डे के दौरान कई स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर और शौचालयों की सफाई के साथ गाजर घास हटाई और पाउच-पन्नी के सुरक्षित निपटान का काम किया। पेयजल स्रोतों की सफाई के जरिए बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी समझाया गया।
पेपर क्राफ्ट और ‘कबाड़ से जुगाड़’ ने बढ़ाई क्रिएटिविटी
बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए पेपर क्राफ्ट, निबंध लेखन और ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ जैसी गतिविधियां कराई गईं। ‘पेड़ बोल सकते तो क्या कहते’ विषय पर बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को निबंध के जरिए सामने रखा। वहीं कागज से नाव, हवाई जहाज, तितली और मेंढक जैसी आकृतियां बनाकर अपनी क्रिएटिविटी दिखाई।
‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधि में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामान से उपयोगी और सजावटी वस्तुएं तैयार कीं। इससे बच्चों को यह सीख भी मिली कि बेकार समझी जाने वाली चीजों का रचनात्मक तरीके से दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
न्योता भोजन में भी बच्चों ने लिया हिस्सा
बैगलेस डे पर स्कूलों में समुदाय की भागीदारी से न्योता भोजन भी कराया गया। माध्यमिक शाला कन्या रामानुजनगर में स्थानीय व्यवसायी श्रवण कुमार गुप्ता ने अपने जन्मदिन के मौके पर बच्चों के लिए न्योता भोजन का आयोजन किया। इस दौरान संकुल समन्वयक जयप्रकाश बरेठा समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
भैयाथान विकासखंड के प्राथमिक शाला शिवप्रसाद नगर में भी समुदाय के सहयोग से बच्चों को कॉपियां बांटी गईं। इसके साथ ही स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्कूलों में गतिविधियों की हुई मॉनिटरिंग
बैगलेस डे के तहत आयोजित कार्यक्रमों की निगरानी शिक्षा विभाग के अधिकारियों और संकुल स्तर के अधिकारियों ने की। अधिकारियों ने स्कूलों का दौरा कर गतिविधियों का जायजा लिया और बच्चों व शिक्षकों से बातचीत कर जरूरी मार्गदर्शन दिया।