रायपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में आज लोकभवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने की। इस दौरान राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही राष्ट्रपति के प्रवास को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रोटोकॉल के तहत वाहनों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के साथ ही विभिन्न विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए कहा गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों और निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए।
बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।